आधी रात घर पर बम फेंककर दी जान से मारने की धमकी, पुरानी रंजिश में दहशत
रायपुर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर आधी रात एक परिवार के घर पर बम फेंकने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक घटना 24 मई 2026 की रात करीब 1 बजे की है। कबीर नगर निवासी रिंकु तिवारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि वह वीर सावरकर नगर, हीरापुर स्थित अपने घर में परिवार के साथ मौजूद थीं। इसी दौरान सोनू पटेल, आकाश पासवान, एक युवती और तीन अन्य युवक उनके घर पहुंचे।
आरोप है कि आरोपियों ने घर के बाहर बम जैसे पटाखे फेंके, जिससे तेज धमाका हुआ और मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद आरोपियों ने चाकू लहराते हुए परिवार को जान से मारने की धमकी दी। हालांकि घर का गेट बंद होने के कारण आरोपी अंदर प्रवेश नहीं कर सके।
पीड़िता के अनुसार आरोपी लगातार गाली-गलौज करते हुए धमकी दे रहे थे। जब परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना देने की बात कही, तब सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कबीर नगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

admin 





