आईएसआई समर्थित संदिग्ध स्लीपर सेल सदस्य गिरफ्तार, संवेदनशील सूचनाएं भेजने का आरोप

आईएसआई समर्थित संदिग्ध स्लीपर सेल सदस्य गिरफ्तार, संवेदनशील सूचनाएं भेजने का आरोप

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में था और संवेदनशील जानकारियां विदेश भेज रहा था। मामले की जांच विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के अनुसार, जिले में असामाजिक तत्वों की पहचान और सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम मिनीमाता चौक स्थित एक मकान में पहुंची, जहां अन्य राज्यों के कई लोग किराए पर रह रहे थे।

पूछताछ के दौरान वहां रहने वाला सेवक सिंह पुलिस को संदिग्ध लगा। उसके व्यवहार और गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उससे विस्तृत पूछताछ की तथा उसके मोबाइल फोन की जांच की। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने का दावा किया गया है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान सहित अन्य देशों के कुछ संदिग्ध संपर्कों के साथ लगातार जुड़ा हुआ था। उस पर छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थलों तथा अन्य जानकारियों से संबंधित फोटो और वीडियो साझा करने का आरोप है।

जांच एजेंसियों का यह भी दावा है कि आरोपी को अवैध गतिविधियों में शामिल करने की योजना बनाई जा रही थी। मामले में डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके नेटवर्क, संपर्कों और गतिविधियों की विस्तृत जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि आरोपी कब से इस नेटवर्क के संपर्क में था और उसके माध्यम से कौन-कौन सी जानकारियां साझा की गई थीं।

अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।