भतीजे की हत्या के आरोप में चाचा गिरफ्तार, सीने पर किया था धारदार हथियार से वार

भतीजे की हत्या के आरोप में चाचा गिरफ्तार, सीने पर किया था धारदार हथियार से वार

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह में भतीजे की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी चाचा धनीराम निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि मंगलवार देर रात विवाद के दौरान उसने अपने सगे भतीजे अमित निषाद के सीने पर धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

महिला मित्र को घर लाने की बात पर होता था विवाद

जानकारी के अनुसार, अमित निषाद के महिला मित्र को घर लाने की बात को लेकर चाचा धनीराम निषाद से अक्सर विवाद होता था। मंगलवार रात भी इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर धनीराम ने सब्जी काटने वाले धारदार हथियार से अमित के सीने पर वार कर दिया।

खून से सना हथियार लेकर निकला आरोपी

घर में रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन जाग गए। इसी दौरान उन्होंने आरोपी को कमरे से खून से सना हथियार लेकर बाहर निकलते देखा। परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो अमित निषाद जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसके सीने पर गंभीर चोट के निशान थे।

पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

वारदात के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश में था। सूचना मिलने पर सरकंडा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।