श्मशान घाट में आधी रात कथित तंत्र साधना, चीफ जस्टिस की तस्वीर मिलने से मचा हड़कंप
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी स्थित मुक्तिधाम में आधी रात कथित तंत्र साधना किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने श्मशान घाट में संदिग्ध गतिविधियां देखीं, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर एक युवक को पकड़ लिया। घटनास्थल से पूजा सामग्री के साथ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और दो अन्य लोगों की तस्वीरें मिलने की बात सामने आई है। मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों ने संदिग्ध गतिविधियां देखीं
जानकारी के मुताबिक, देर रात ग्रामीणों को देवरी के मुक्तिधाम में कुछ लोगों की संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। काफी देर तक निगरानी करने के बाद ग्रामीणों का एक समूह मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों को देखकर वहां मौजूद चार युवक भागने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया।
मौके पर पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, नींबू, नारियल, सिंदूर और मरी हुई मछली सहित कुछ अन्य सामान मिलने की बात सामने आई है। इसके अलावा चीफ जस्टिस की तस्वीर और दो अन्य युवकों की तस्वीरें भी वहां मिलीं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस युवक से पूछताछ करती दिखाई दे रही है। हालांकि, वायरल वीडियो और उसमें कही गई बातों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान ऋषिकेश कुमार, निवासी राजकिशोर नगर बिलासपुर के रूप में बताई गई है। युवक ने शुरुआत में श्मशान घाट में तंत्र-मंत्र करने की बात से इनकार किया और खुद को बिल्डर बताते हुए गांव में घूमने आने की बात कही।
रिश्तेदारों की जमानत से जुड़ा मामला
पुलिस की जांच में कथित तौर पर सामने आया कि ऋषिकेश सोशल मीडिया के माध्यम से एक व्यक्ति के संपर्क में आया था, जिसने तंत्र साधना के जरिए जेल में बंद रिश्तेदार को जमानत दिलाने का दावा किया था।
पुलिस के मुताबिक, युवक के एक रिश्तेदार प्रियांशु का नाम चाकूबाजी के एक मामले से जुड़ा बताया गया है। उसके कुछ अन्य साथियों की जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका लंबित होने की जानकारी भी सामने आई है। आरोप है कि जमानत मिलने की उम्मीद में चार युवक कथित तंत्र साधना के लिए देवरी के श्मशान घाट पहुंचे थे।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
ग्रामीणों के अनुसार, देवरी स्थित मुक्तिधाम में इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों का मामला पहले भी सामने आ चुका है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और उन्होंने मामले की पूरी जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले सामान तथा तस्वीरों की जांच की जा रही है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका और कथित तंत्र साधना के पीछे की वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
admin




