रायपुर (चैनल इंडिया)। दिसंबर की शुरुआत के साथ ही उत्तर से आने वाली बर्फीली हवाओं ने छत्तीसगढ़ में ठंड को अचानक बढ़ा दिया है। प्रदेश में शीतलहर का असर तेजी से गहराया है। मौसम विभाग ने 8 दिसंबर की रात से 10 दिसंबर की सुबह तक कई जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 8एष्ट दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री कम है।
मौसम विभाग ने जिन जिलों में ठंड और ज्यादा तीखी रहने का पूर्वानुमान दिया है, उनमें गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और कोरबा शामिल हैं। प्रदेश में उत्तर-पूर्वी ठंडी हवाएं सक्रिय हैं, जिसके चलते बीते 24 घंटों में कई स्थानों पर तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री नीचे दर्ज हुआ। पहाड़ी इलाकों में सुबह कोहरा और शाम ढलते ही गलन बढऩे की आशंका है। रायपुर, दुर्ग और बेमेतरा जैसे मैदानी जिलों में भी हवा की तेज रफ्तार ने ठिठुरन बढ़ा दी है।
प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। हवा में नमी कम होने और आसमान साफ रहने से रात का तापमान और नीचे जा सकता है, जिससे शीतलहर और तीव्र होने की आशंका है। उत्तर भारत में तेजी से गिरते तापमान के कारण वहां से आने वाली ठंडी हवाएं प्रदेश में ठंड बढ़ा रही हैं। साफ आसमान और हवा की कम नमी के कारण मैदानी से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक ठंड का असर साफ दिख रहा है। सरगुजा, जशपुर, कोरिया और पेण्ड्रा जैसे ऊंचाई वाले जिलों में तापमान गिरने का असर पूरे प्रदेश में महसूस किया जा रहा है। हवा की गति तेज होने से शीतलहर और तीखी हो गई है।