ओडिशा का गांजा तस्कर गिरफ्तार, रायपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
रायपुर। राजधानी में नशे के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए रायपुर पुलिस ने ओडिशा के एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 4.180 किलोग्राम गांजा और 500 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। जब्त गांजे की कीमत करीब 2.09 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 3 जुलाई को सूचना मिली थी कि पंडरी थाना क्षेत्र के कापा स्थित मालधक्का रोड के पास एक युवक बैग में गांजा लेकर बिक्री की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) मयंक गुर्जर के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मानस रंजन नाग (28) निवासी जिला नुआपाड़ा (ओडिशा) बताया। उसके बैग की तलाशी लेने पर 4.180 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पंडरी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से गांजा सप्लाई चेन के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के संबंध में पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

admin 




