दीपावली पर पुलिस का शिकंजा,तीन आरोपियों के पास मिला अवैध हथियार

दीपावली पर पुलिस का शिकंजा,तीन आरोपियों के पास मिला अवैध हथियार

गुढ़ियारी क्षेत्र में पुलिस की विशेष कार्रवाई,तीन चाकू जब्त; आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को भेजा जेल

रायपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर राजधानी में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सघन अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत नॉर्थ जोन पुलिस ने गुढ़ियारी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध चाकू रखने और लोगों को आतंकित करने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन चाकू जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देश पर राजपत्रित अधिकारियों के मार्गदर्शन और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के कुकरी तालाब चौरा के पास पुलिस ने शुभम चंदेल (19) और नीलकमल चंदेल (29), दोनों निवासी कलिंग नगर नत्थूबाड़ा, को अवैध चाकू के साथ पकड़ा। उनके कब्जे से दो चाकू बरामद किए गए। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।

रामनगर चौकी क्षेत्र में काली मंदिर के पास पुलिस ने पवन साहू (26), निवासी रामनगर, को चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित करने के आरोप में गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक चाकू जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई।

त्योहार तक जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने, अवैध हथियार रखने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।