खौफनाक वारदात! जादू-टोने के शक में एक महिला ने कर दूसरे महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से मानवता को झकझोर देने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ अंधविश्वास और जादू-टोना के गहरे शक में एक महिला ने दूसरी महिला की टांगी (कुल्हाड़ी) मारकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
चार बच्चों की मौत के बाद गहराया शक :
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के गुटराडीह गांव का है। वारदात को अंजाम देने वाली आरोपी महिला काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। बताया जाता है कि उसके चार बच्चों की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद उसने गांव की ही दो महिलाओं पर जादू-टोना करने का शक करना शुरू कर दिया।
शक गहराने के बाद, महिला ने खौफनाक कदम उठाते हुए उनमें से एक महिला पर हमला कर दिया। आरोपी महिला ने पीड़िता पर टांगी से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार :
वारदात की खबर मिलते ही कुसमी थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्या की आरोपी महिला को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी को भी जब्त कर लिया है और पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

admin 









