बिलासपुर में नदी में बहे 3 बच्चों की मौत
बलरामपुर में युवक लापता
रायपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश में अगले 24 घंटे कुछ जगह भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट है। गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले सात दिनों तक प्रदेश में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
इसी बीच मुंगेली में आकाशीय बिजली गिरने का लाइव वीडियो सामने आया है। रविवार दोपहर 46 वर्षीय गीता बाई खेत से काम कर घर लौट रही थीं। पंडरभठ्ठा मेन रोड पर सिर पर बर्तन लेकर पैदल जाते समय अचानक उन पर बिजली गिर गई। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं बिलासपुर में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए। तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। बलरामपुर के रामानुजगंज में भी कन्हर नदी का एनीकट पार करते समय एक युवक तेज बहाव में बह गया। उसकी तलाश जारी है।
रायपुर में रविवार दोपहर से दो घंटे तक लगातार तेज बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी। गायत्री नगर में जगन्नाथ मंदिर के पास नाले में फंसे एक लडक़े को रस्सी के सहारे खींचकर बचाया गया। रायपुर शहर में आज (24 अगस्त) में बादल छाए रहने और कुछ दौर में बारिश या थंडरस्टॉर्म होने की संभावना है।
आज भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही कुछ जगह गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का भी अलर्ट है। अगले दो दिनों में ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश और थंडरस्टॉर्म हो सकता है।