आईजी, एसपी से लेकर एएसपी, डीएसपी तक बदलाव के संकेत
- इसी सप्ताह तबादला सूची संभव
- पुलिस महकमे में बड़े फेरबदल की तैयारी
रायपुर। इस सप्ताह राज्य पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले किए जा सकते हैं। प्रस्तावित फेरबदल में एक-दो आइजी, कुछ जिलों के पुलिस कप्तान और राज्य पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल होने की चर्चा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को दिनभर मंत्रालय में शासकीय कार्यों में व्यस्त रहे। इसी बीच संकेत मिले कि पुलिस मुख्यालय को तबादले की सूची तैयार करने के निर्देश मिले। सूत्रों के अनुसार इस बदलाव का असर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के साथ ही रायपुर ग्रामीण पुलिस, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर और राजनांदगांव रेंज के कई महत्वपूर्ण जिलों पर पड़ सकता है। एएसपी, डीएसपी, एसडीओपी और निरीक्षक स्तर के अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं भी इसी सूची में शामिल रहने की संभावना है।
जानकारी के मुताबिक उन अधिकारियों पर विशेष रूप से विचार किया जा रहा है जिन्हें वर्तमान पदस्थापना पर दो वर्ष या उससे अधिक समय हो चुका है। साथ ही ऐसे अधिकारी, जिनके तबादला आदेश पहले जारी हुए थे लेकिन तकनीकी अथवा प्रशासनिक कारणों से वे नई जगह कार्यभार ग्रहण नहीं कर पाए, उन्हें भी नई सूची में समायोजित किया जा सकता है। जबकि निरीक्षक से पदोन्नत होकर डीएसपी बने अधिकारियों की भी पदस्थापना होना है।
पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिए जाने की चर्चा है। मुख्यालय के सूत्रों का कहना है कि कुछ अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिल सकती हैं, जिनकी पदस्थापना प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन सकती है। अब सभी की नजर संभावित तबादला सूची पर टिकी हुई है।
इन जिलों में बदले जा सकते हैं कप्तान
दुर्ग, धमतरी, जांजगीर-चांपा, कोरबा, बेमेतरा, जगदलपुर समेत अन्य जिलों के पुलिस कप्तान को इधर से इधर करने की चर्चा है। वहीं बस्तर के आइजी सुंदरराज पी. के प्रतिनियुक्ति पर एनआइए में जाने के कारण उनकी जगह किसी अनुभवी आईजी को वहां पदस्थ करने किया जाएगा।

admin 




