रायपुर में फर्जी वकील पकड़ाया, कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद; गिरोह से जुड़े होने की आशंका

रायपुर में फर्जी वकील पकड़ाया, कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद; गिरोह से जुड़े होने की आशंका

रायपुर। राजधानी रायपुर के जिला न्यायालय परिसर में वकील बनकर घूम रहे एक व्यक्ति को अधिवक्ताओं की सतर्कता के चलते पकड़ लिया गया। मामले की जानकारी मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में उसके पास से कई संदिग्ध पहचान पत्र बरामद हुए हैं, जिसके बाद एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार आरोपी न्यायालय परिसर में खुद को अधिवक्ता बताकर लोगों से संपर्क कर रहा था। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी अपनी पहचान को लेकर बार-बार अलग-अलग नाम बताने लगा, जिससे उस पर संदेह और बढ़ गया।

अधिवक्ताओं के अनुसार आरोपी ने कभी अपना नाम हरीश डहरिया बताया तो कभी मनीष कुर्रे के नाम से पहचान देने की कोशिश की। उसके जवाबों में लगातार विरोधाभास मिलने पर अधिवक्ताओं ने उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चार से पांच आधार कार्ड सहित कई पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए। इन दस्तावेजों की सत्यता को लेकर संदेह जताया जा रहा है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि दस्तावेज असली हैं या फर्जी और उनका उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि आरोपी किसी व्यक्ति का न्यायालय संबंधी काम कराने के नाम पर कोर्ट परिसर पहुंचा था। संबंधित काम नहीं होने पर उसके साथ आए व्यक्ति ने हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान अधिवक्ताओं का ध्यान आरोपी की ओर गया और पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

बार एसोसिएशन की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में आरोपी के साथ एक गिरोह के जुड़े होने की संभावना सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक मामले में पांच अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी कब से न्यायालय परिसर में सक्रिय था और उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया। मामले की जांच जारी है।