बदरेंगा की जनचौपाल में पहुंचे कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा और विधायक विनायक गोयल,हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
जगदलपुर। लोहण्डीगुड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत बदरेंगा में आज आयोजित जनचौपाल कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा एवं क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। जनचौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर कार्यक्रम में सहभागिता की।
जनचौपाल का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल एवं व्यवस्थाओं के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा एवं विधायक विनायक गोयल ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को उनके नवनिर्मित आवासों की चाबी सौंपी गई। लंबे समय से पक्के आवास का सपना देख रहे परिवारों के लिए यह अवसर खुशी और संतोष का रहा। जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र परिवार को बेहतर आवास एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों।

इसी क्रम में बच्चों एवं ग्रामीणों को जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र तथा राशन कार्ड का वितरण किया गया। इसके साथ ही पात्र हितग्राहियों को वन भूमि पट्टा भी प्रदान किया गया। दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल का वितरण कर उन्हें शासन की सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। जनचौपाल में विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास एवं आमजन के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के समन्वय से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनचौपाल जैसे कार्यक्रम ग्रामीणों और शासन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, जहां आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं।
क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। ग्रामीणों को प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, वन भूमि पट्टा, आवास सहित अन्य सुविधाएं उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराने से उन्हें अनावश्यक परेशानी से राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके निराकरण का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
जनचौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से भी जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया। उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान शासन की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया।
ग्राम पंचायत बदरेंगा में आयोजित जनचौपाल ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ प्रशासन एवं जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का कार्य किया।
कार्यक्रम में मण्डल अध्यक्ष मंगतुराम कश्यप, जनपद उपाध्यक्ष बसंत कश्यप, नरेश कापड़े, सावेन्द्र सेठिया, चन्द्रशेखर ठाकुर, भरत कश्यप, डोमुराम, मालीक राम ठाकुर, रत्तुराम, बलीराम सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। साथ ही एसडीएम महोदया, सीईओ, बीईओ महोदया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
admin



