अनाचार मामले में जेल से छूटे आरोपी ने पीड़िता को दी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने फिर किया गिरफ्तार 

अनाचार मामले में जेल से छूटे आरोपी ने पीड़िता को दी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने फिर किया गिरफ्तार 

कोंडागांव। जिले के केशकाल क्षेत्र में अनाचार और ब्लैकमेलिंग के मामले में जेल जा चुके एक आरोपी को पुलिस ने दोबारा गिरफ्तार किया है। आरोप है कि जेल से रिहा होने के बाद आरोपी लगातार पीड़िता को फोन कर मामले को वापस लेने का दबाव बना रहा था और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने पूर्व में थाना केशकाल में अमान विरानी के खिलाफ अनाचार एवं ब्लैकमेलिंग की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेजा गया था। हालांकि रिहा होने के बाद आरोपी ने पीड़िता को फोन कर केस वापस लेने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, उसने न्यायालयीन प्रक्रिया और कोर्ट-कचहरी में हुए अपने खर्च की राशि भी पीड़िता से मांगनी शुरू कर दी।

आरोपी की लगातार धमकियों और दबाव से परेशान होकर पीड़िता ने एक बार फिर थाना केशकाल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नया अपराध दर्ज करते हुए मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया।

थाना प्रभारी निरीक्षक विकास बघेल के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।