दिल्ली को मिलेगी नई पहचान: CM रेखा गुप्ता 1 नवंबर को करेंगी पहला आधिकारिक लोगो लॉन्च

दिल्ली को मिलेगी नई पहचान: CM रेखा गुप्ता 1 नवंबर को करेंगी पहला आधिकारिक लोगो लॉन्च

नई दिल्ली। दिल्लीवासियों के लिए खुशखबरी! राष्ट्रीय राजधानी को पहली बार अपना आधिकारिक लोगो मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को इसका ऐलान किया। यह लोगो 1 नवंबर को दिल्ली दिवस (स्थापना दिवस) के अवसर पर जारी किया जाएगा।

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि लोगो दिल्ली की विशिष्ट पहचान, गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, आधुनिक विकास और जनता की आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करेगा। उन्होंने कहा, "अभी तक दिल्ली का कोई आधिकारिक लोगो नहीं था, जबकि देश के अधिकांश राज्यों के पास अपनी पहचान का प्रतीक मौजूद है। हमारी सरकार ने इस दिशा में तुरंत काम शुरू किया।"

लोगो चयन के लिए mygov.in पोर्टल पर आयोजित प्रतियोगिता में पूरे देश से करीब 1800 डिजाइन प्राप्त हुए थे। सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव की अध्यक्षता वाली विशेषज्ञ समिति ने इन्हें मूल्यांकन कर शॉर्टलिस्ट किया। शनिवार को सीएम की अगुवाई में हुई बैठक में अंतिम चयन पूरा हो गया। इसमें पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, मुख्य सचिव राजीव वर्मा समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

सीएम ने जोर देकर कहा कि यह लोगो न केवल दिल्ली के पारदर्शी और जनकल्याणकारी शासन को दर्शाएगा, बल्कि शहर की सांस्कृतिक विरासत और भविष्योन्मुखी विकास का भी प्रतीक बनेगा। दिल्ली दिवस पर होने वाले इस ऐलान से राजधानी को नई पहचान मिलेगी।