लड़की की आवाज निकालकर शादी का रिश्ता तय कराने का झांसा, दो आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। शादी के लिए रिश्ता तय कराने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ब्लूटूथ डिवाइस और हेडफोन की मदद से लड़की की आवाज निकालकर लोगों से बातचीत करते थे और शादी का रिश्ता कराने के नाम पर अलग-अलग लोगों से रकम लेते थे। पैसे मिलने के बाद आरोपियों द्वारा संपर्क तोड़ दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, व्हाट्सएप चैट, आवाज बदलने वाला हेडफोन और ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ से संबंधित पंपलेट जब्त किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
अस्पताल जाने के नाम पर 2 हजार रुपए लिए
मामले की शुरुआत शिकायतकर्ता अजय राठौर की शिकायत से हुई। उन्होंने 15 अगस्त को साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, 8 अगस्त को एक व्यक्ति उनके पास आया और अस्पताल जाने के लिए तत्काल नकदी की जरूरत बताते हुए फोन-पे से रकम ट्रांसफर करने की बात कही। उसने अजय से नकद रकम देने का अनुरोध किया।
अजय के मुताबिक, उनके खाते में 2 हजार रुपए आने के बाद उन्होंने संबंधित व्यक्ति को नकद रकम दे दी। करीब तीन-चार दिन बाद उनके बैंक खाते पर होल्ड लगा दिया गया। बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि उनके खाते में साइबर ठगी से जुड़ी रकम आई थी।
जांच में सामने आया कि यह रकम सोनू साहू की यूपीआई आईडी से ट्रांसफर की गई थी। साइबर क्राइम पोर्टल पर भी इस लेन-देन को लेकर शिकायत दर्ज मिली।
लड़की की आवाज निकालकर बनाते थे भरोसा
पुलिस जांच में लक्ष्मी नारायण साहू निवासी अमोदा और सोनू साहू निवासी चांपा की भूमिका सामने आई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे वर्ष 2025 से ब्लूटूथ डिवाइस और हेडफोन के जरिए लड़की की आवाज निकालकर लोगों से बातचीत करते थे।
आरोपी शादी के लिए रिश्ता कराने के नाम पर लोगों से संपर्क करते और विश्वास में लेने के बाद अलग-अलग रकम की मांग करते थे। रकम मिलने के बाद संबंधित व्यक्ति से संपर्क बंद कर दिया जाता था।
कई लोगों से ठगी के मामले सामने आए
जांच के दौरान पुलिस को अन्य शिकायतों में भी आरोपियों के बैंक खातों से लेन-देन के साक्ष्य मिले। पुलिस के मुताबिक, कौशल साहू ने शादी के लिए रिश्ता भेजने के नाम पर ठगी की शिकायत की थी। इस मामले में ठगी की रकम आरोपी लक्ष्मी नारायण साहू के खाते में जमा हुई थी।
इसी तरह दीपक कुमार साहू की शिकायत में भी शादी का रिश्ता दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी की बात सामने आई। उसकी रकम भी आरोपी के बैंक खाते में क्रेडिट हुई थी।
कवर्धा जिले के रमेश साहू की शिकायत की जांच में भी सामने आया कि शादी का रिश्ता दिलाने के नाम पर भुगतान की गई रकम आरोपी के भांजे सोनू साहू के खाते में पहुंची थी। बाद में यही रकम शिकायतकर्ता अजय राठौर के खाते में ट्रांसफर हुई थी।
मोबाइल, हेडफोन और पंपलेट जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपराध में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन, व्हाट्सएप चैट, आवाज बदलने वाला हेडफोन और ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ का पंपलेट जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, जांच में अपराध से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
BNS और IT एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में साइबर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 61(2), 317(4), 317(5), 323 और 336(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत अपराध दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मी नारायण उर्फ लाला साहू (26), निवासी ग्राम अमोदा, वर्तमान पता शारदा चौक, रामगोपाल चौरसिया का मकान और सोनू साहू (20), निवासी बेलदारपारा, चांपा के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
admin




