रायपुर (चैनल इंडिया)। अगले साल छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की दो सीटें रिक्त होने जा रही हैं। इसमें सदस्य फूलोदेवी नेताम और कवि तेजपाल सिंह तुलसी का कार्यकाल अगले साल नौ अप्रैल को खत्म होगा। इसके साथ ही इन दो सीटों के लिए चुनाव होंगे। जिसमें एक सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस को मिलना तय है। उल्लेखनीय है कि विधानसभा में 90 सदस्यों में 54 भाजपा, 35 कांग्रेस और एक गोड़वाना गणतंत्र पार्टी का विधायक है।
चुनाव की स्थिति में प्रथम और द्वितीय ऑप्शन को लेकर वोटिंग होगी। इसमें भाजपा के विधायक अपने राज्यसभा प्रत्याशी को वोट करेंगे, वहीं कांग्रेस के विधायक अपने प्रत्याशी को वोट करेंगे। ऐसी स्थिति में दोनों पार्टियों से एक-एक प्रत्याशी बनाए जाएंगे। मालूम हो कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ से पांच राज्यसभा सांसद हैं। इसमें फूलोदेवी नेताम, कवि तेजपाल सिंह तुलसी, राजीव शुक्ला, रंजीत रंजन और देवेंद्र प्रताप सिंह। इसमें चार राज्यसभा सदस्य पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बनाए गए थे।
इसमें कई दिग्गज नेत्ता व प्रमुख नाम शामिल हैं, मगर राज्यसभा की रिक्त होने वाली दो सीट को लेकर चार महीने पहले ही चर्चा शुरू हो गई है। चर्चा की एक वजह भाजपा और कांग्रेस को संख्या बाल के मुताबिक एक-एक सीट मिलना तय है। भाजपा में राज्यसभा सीट को लेकर वैसे तो दावेदारों की लंबी कतार है, किंतु भाजपा में सामूहिक निर्णय होता है, इसलिए भाजपा में दावेदारी को लेकर लॉबिंग नजर नहीं आती है, किंतु कांग्रेस में अभी से दावेदारों के नाम सामने आने लगे हैं। कांग्रेस नेताओं को उम्मीद है कि सरकार में रहते हुए राज्यसभा में चार सदस्य बनाए गए, इसमें तीन बाहरी थे, जिसके चलते प्रदेश कांग्रेस की जमकर किरकिरी हुई, इसलिए इस बार शायद छत्तीसगढ से ही किसी की मौका मिले।