दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से चुनाव व्यवस्था से जुड़ी एक बड़ी और हैरान कर देने वाली चोरी का मामला सामने आया है। स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के गोदाम से 10 मतपेटियां पार करने वाले शातिर चोर और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मतपेटियों के साथ चोरी में प्रयुक्त ई-रिक्शा और नकदी जब्त की है, जबकि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मामला 18 अक्टूबर का है, जब चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारी राजू सारथी को ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कार्यालय के चौकीदार ने सूचना दी कि एक अज्ञात व्यक्ति गोदाम से पेटी उठाकर भाग रहा है। अधिकारियों ने जब मौके पर पहुंचकर गोदाम का निरीक्षण किया तो वहां से करीब 10,000 रुपये मूल्य की 10 मतपेटियां गायब पाई गईं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी के आधिकारिक पत्र के आधार पर दुर्ग कोतवाली पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर मिल पारा दुर्ग निवासी 22 वर्षीय आरोपी युशु यादव को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार कर ली और बताया कि उसने वारदात को अंजाम देने के लिए अपने ई-रिक्शा (CG 07 CR 0648) का इस्तेमाल किया था। उसने चुराई गई मतपेटियां गया नगर स्थित देवानंद सोनी (65) की कबाड़ी दुकान में बेच दी थीं।
पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कबाड़ी देवानंद सोनी को भी धर दबोचा, जिसने 6 मतपेटियां खरीदने की बात कबूल की। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 6 नग मतपेटियां (कीमत 6,000 रुपये), घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा (कीमत 70,000 रुपये) और 200 रुपये नकद समेत कुल 76,200 रुपये का मशरूका बरामद कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि बाकी बची 4 मतपेटियों की तलाश जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।