सूने मकान से 60 लाख की चोरी का खुलासा, 48 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार; जेवर और नकदी बरामद

सूने मकान से 60 लाख की चोरी का खुलासा, 48 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार; जेवर और नकदी बरामद

रायपुर। आमानाका थाना क्षेत्र के सरोना स्थित अरिहंत कॉम्प्लेक्स में सूने मकान से करीब 60 लाख रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब 60 लाख रुपये की मशरूका बरामद की है। घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पश्चिम जोन के पुलिस उपायुक्त रॉबिन्सन गुरिया की निगरानी में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

परिवार के बाहर जाते ही मकान में घुसे चोर

पुलिस के मुताबिक, सरोना निवासी रवि कान्त गुप्ता 28 जुलाई 2026 को परिवार के साथ घर से बाहर गए थे। इसी दौरान आरोपियों ने सूने मकान को निशाना बनाया। घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए चोरों ने आलमारी का लॉकर भी तोड़ दिया और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर आमानाका पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

हजारों CCTV फुटेज खंगालकर मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। हजारों फुटेज की जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों का विश्लेषण किया गया।

पुलिस ने CCTV से मिले सुरागों को तकनीकी जांच, स्थानीय पूछताछ और मुखबिरों से मिली जानकारी से जोड़ा। इसके अलावा पहले चोरी के मामलों में शामिल रहे और हाल में जेल से बाहर आए संदिग्धों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई।

जांच के दौरान पुलिस को करण तांडी उर्फ केडे और लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी के संबंध में अहम सुराग मिले। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में कबूली चोरी

पुलिस के अनुसार, पूछताछ की शुरुआत में दोनों आरोपियों ने घटना में शामिल होने से इनकार किया और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ किए जाने पर दोनों ने सूने मकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद कर ली। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, बरामद और जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये है।

दोनों आरोपी पहले भी जा चुके हैं जेल

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। उनके खिलाफ पंडरी थाना क्षेत्र में चोरी और मारपीट से जुड़े मामले दर्ज हैं और दोनों पूर्व में जेल जा चुके हैं।

आरोपी लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी के खिलाफ पंडरी थाने में चोरी का एक अन्य मामला भी दर्ज है, जिसमें वह फरार चल रहा था।

AC के कॉपर वायर चोरी मामले में भी तलाश

पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई 2026 को पंडरी थाना क्षेत्र के दुबे कॉलोनी स्थित बालाजी मेडिकल कॉलेज कैंपस से AC के कॉपर वायर चोरी किए गए थे। इस मामले में BNS की धारा 331(4), 305 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज है। इस प्रकरण में मोंटी फरार चल रहा था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद इस मामले में भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी

  1. करण तांडी उर्फ केडे (21), निवासी आदर्श नगर, पंडरी-मोवा, रायपुर।

  2. लक्ष्मी नारायण गोस्वामी उर्फ मोंटी (19), निवासी महालक्ष्मी नगर, पंडरी-मोवा, रायपुर।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले के खुलासे में CCTV फुटेज, तकनीकी विश्लेषण, स्थानीय पूछताछ और मुखबिर तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों के अन्य संभावित आपराधिक मामलों और नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।