रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे पर भीषण हादसा: अनियंत्रित बस खड़ी ट्रक से टकराई, 3 यात्रियों की मौत और 10 घायल

रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे पर भीषण हादसा: अनियंत्रित बस खड़ी ट्रक से टकराई, 3 यात्रियों की मौत और 10 घायल
बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे-130 पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां एक तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़ी ट्रक में जा घुसी। बलौदाबाजार जिले के सिमगा थाना क्षेत्र अंतर्गत दरचुरा के पास हुए इस हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त बस में लगभग 22 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश लोग नींद में थे, जिससे किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिल सका।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रैवल्स की बस (CG 04 NM 0859) सोमवार तड़के अंबिकापुर से रायपुर के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 5:30 बजे दरचुरा के पास यह अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 और सिमगा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर तुरंत पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है कि हादसा ड्राइवर की नींद या अन्य किसी तकनीकी वजह से हुआ।