पुजारी के घर चोरी की कोशिश, परिवार लौटा तो अंदर मिला युवक, लोगों ने पीछा कर पकड़ा
दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र में एक मंदिर के पुजारी के घर चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। परिवार के साथ बाहर खाना खाने गए पुजारी देर रात घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर में प्रवेश करते ही एक युवक छत की ओर भागता दिखाई दिया। परिवार के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने पीछा कर युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, बजरंग चौक पुलगांव निवासी 30 वर्षीय अकांशु मिश्रा महेश कॉलोनी स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर में पुजारी हैं। 24 जुलाई की रात करीब 10 बजे वे परिवार के साथ मोहन नगर थाना के सामने स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। रात करीब 11:30 बजे परिवार घर लौटा तो मकान की लाइट जल रही थी और बाहर लगे गेट का ताला टूटा हुआ था।
घर में घुसते ही दिखा संदिग्ध युवक
अकांशु मिश्रा के मुताबिक, परिवार जैसे ही घर के अंदर पहुंचा, एक युवक तेजी से छत की ओर भागने लगा। उन्होंने शोर मचाया तो युवक दीवार फांदकर गांव की तरफ भाग निकला। “चोर-चोर” की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और पीछा कर कुछ दूरी पर युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम सन्नी देशमुख (33), निवासी मिलपारा, सीताराम राइस मिल के पास, दुर्ग बताया। इसके बाद उसे पुलगांव पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पहले भी चोरी की कोशिश का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि यही युवक इससे पहले भी उनके घर में चोरी की कोशिश कर चुका है। उस समय मोहल्ले के लोगों की समझाइश के बाद पुलिस में शिकायत नहीं की गई थी। दोबारा घटना होने के बाद इस बार उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
अकांशु मिश्रा ने पुलिस को बताया कि घटना के समय उनके साथ उनकी मां भगवती मिश्रा, भाई प्रियांशु मिश्रा और पत्नी स्वाकति मिश्रा भी थीं और उन्होंने भी युवक को घर से भागते देखा।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलगांव के पार्षद अश्वनी निषाद और प्रियांशु मिश्रा आरोपी को पकड़कर थाने लेकर पहुंचे। शिकायत के आधार पर पुलगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक से पूछताछ करने के साथ यह पता लगा रही है कि कथित चोरी की कोशिश में वह अकेला था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। उसके पुराने रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

admin 




