ऑपरेशन निश्चय: फेरीवालों की आड़ में हो रही गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 12 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

ऑपरेशन निश्चय: फेरीवालों की आड़ में हो रही गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 12 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर रेंज पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिलों में नाकेबंदी कर 378.060 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजा की कीमत करीब 1 करोड़ 89 लाख 3 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं 11 वाहनों समेत कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 98 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में 12 अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक तस्करों ने इस बार गांजा तस्करी के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया था। आरोपी खुद को कपड़ा फेरीवाला (स्ट्रीट वेंडर) बताकर मोटरसाइकिलों में कपड़ों के ढेर के पीछे विशेष लोहे के जालीनुमा कम्पार्टमेंट बनाकर गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। उड़ीसा के बालिगुड़ा और रायगढ़ा इलाके से गांजा लाकर मध्यप्रदेश में खपाने की तैयारी थी, लेकिन रायपुर रेंज पुलिस की सतर्कता और तकनीकी निगरानी ने इस नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी एम्बुलेंस, केला परिवहन, मूवर्स एंड पैकर्स, ऑटो, बस ट्रेवल्स और ट्रेन की आड़ में गांजा तस्करी के मामलों का खुलासा किया जा चुका है। अब तस्करों ने कपड़ा बेचने वालों का रूप धारण कर नया तरीका अपनाया था, जिसे भी पुलिस ने विफल कर दिया।

महासमुंद में 247 किलो गांजा जब्त

महासमुंद जिले की बसना थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से आ रही पांच मोटरसाइकिलों को रोका। जांच में 215 किलो गांजा बरामद हुआ। वहीं एक अन्य मामले में 23 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा कोमाखान पुलिस ने टेमरी जांच नाका पर एक बाइक सवार दो युवकों से 9 किलो 60 ग्राम गांजा जब्त किया।

महासमुंद जिले में कुल 247 किलो गांजा, सात मोटरसाइकिलें और छह मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 28 लाख 44 हजार रुपये आंकी गई है।

धमतरी में 131 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

धमतरी जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 131.005 किलो गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। आरोपी तीन मोटरसाइकिलों में कपड़ों की आड़ में गांजा तस्करी कर रहे थे। जांच में सामने आया कि यह संगठित गिरोह अलग-अलग राज्यों में इसी तरीके से गांजा सप्लाई कर रहा था।

धमतरी पुलिस ने 131 किलो गांजा, तीन मोटरसाइकिलें, मोबाइल फोन और नगदी जब्त की है। यहां कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 69 लाख 61 हजार रुपये बताई गई है।

मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और यूपी के आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश के निवासी शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की जानकारी जुटा रही है।

रायपुर रेंज पुलिस ने कहा है कि ओडिशा सीमा से लगे अंतरराज्यीय चेक पोस्टों पर लगातार सघन जांच अभियान जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।