115 के लक्ष्य में टीम इंडिया के 19 रन पर गिरे थे 4 विकेट, दीप्ति-निक्की ने पलटी बाजी, भारत 4 विकेट से जीता
रायपुर। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए महिला टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने जिंबाब्वे को 4 विकेट से हरा दिया। 115 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही और 19 रन पर चार विकेट गिर गए। इसके बाद दीप्ति शर्मा और निक्की प्रसाद ने पारी संभाली और भारत को जीत तक पहुंचाया। टीम ने 26 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
जिंबाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित लक्ष्य के लिए भारत के सामने 115 रन का स्कोर रखा। टीम की ओर से शार्न मायर्स ने नाबाद 43 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों के सामने जिंबाब्वे की टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।
19 रन पर गिर गए थे 4 विकेट
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान स्मृति मंधाना दूसरे ओवर में 9 रन बनाकर आउट हो गईं। इसी ओवर में अनुष्का शर्मा भी 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद शेफाली वर्मा 4 और हरमनप्रीत कौर 1 रन बनाकर आउट हो गईं। एक समय भारत का स्कोर 19 रन पर 4 विकेट हो गया था।
दीप्ति-निक्की ने संभाली पारी
मुश्किल में फंसी भारतीय टीम को दीप्ति शर्मा और निक्की प्रसाद ने संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 63 गेंदों में 82 रन की अहम साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया। दीप्ति शर्मा 37 गेंदों में 49 रन बनाकर आउट हुईं और अर्धशतक से चूक गईं। वहीं, निक्की प्रसाद 35 गेंदों में 39 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई।
जिंबाब्वे की ओर से नयाशा ग्वानजुरा ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
admin





