शादी का वादा कर युवती से 4.50 लाख रुपये लेने का आरोप, युवक गिरफ्तार
स्नैपचैट पर हुई थी पहचान, शारीरिक संबंध बनाने और आर्थिक शोषण का आरोप, पुलिस ने आईफोन जब्त कर आरोपी को जेल भेजा
रायगढ़। सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद शादी का वादा कर युवती से शारीरिक संबंध बनाने और करीब 4 लाख 50 हजार रुपये लेने का मामला सामने आया है। घरघोड़ा थाना क्षेत्र की 23 वर्षीय युवती की शिकायत पर पुलिस ने 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमलीडीह निवासी पंकज चौहान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक आईफोन भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल युवती से संपर्क करने के लिए किया जाता था।
स्नैपचैट पर हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की पहचान 22 अक्टूबर 2025 को स्नैपचैट के जरिए पंकज चौहान से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे धीरे मुलाकातें होने लगीं। आरोप है कि 31 दिसंबर 2025 को युवक ने युवती को शादी का भरोसा देकर अपने घर बुलाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
शादी का भरोसा देकर पैसे लेने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक ने शादी का वादा कर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान अपनी जरूरतों का हवाला देकर उससे धीरे धीरे करीब 4.50 लाख रुपये ले लिए।
सितंबर 2026 में जब युवती ने अपने पैसे वापस मांगे और शादी करने की बात कही, तो आरोपी ने कथित तौर पर दोनों से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
मामले में रायगढ़ पुलिस ने अभियान ‘संवेदना’ के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी पंकज चौहान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से आईफोन जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
admin





