भिलाईनगर: पुरानी भिलाई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने राह चलते लोगों को निशाना बनाकर सोने की चेन छीनने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 19 ग्राम 410 मिलीग्राम गला हुआ सोना तथा वारदात में इस्तेमाल की गई एक एक्टिवा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी से शहर में हुई कई वारनातों का पर्दाफाश हुआ है।
पुलिस के अनुसार, गत 8 अक्टूबर को पदुम नगर भिलाई-3 स्थित शिव मंदिर के पास 75 वर्षीय एस. मुरली मनोहर और उनकी पत्नी से रास्ता पूछने के बहाने बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली थी। प्रार्थी की शिकायत पर तत्काल मामला दर्ज कर पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने संदिग्ध सूरज बढ़ाईक (बापू नगर खुर्सीपार), लक्ष्मण साहू (अहिवारा), कुलदीप सिंह (हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी जामुल) और दीप सिंह उर्फ दीपक (कैवल्य धाम कुम्हारी) को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गत 13 जनवरी 2026 को इंदिरा नगर परमेश्वरी भवन भिलाई-3 क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला सावित्री देवी के गले से चेन लूटने की घटना को भी स्वीकार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपी अमूमन सुनसान रास्तों या सूने इलाकों में बुजुर्गों और महिलाओं को पता पूछने या बातचीत में उलझाने के बाद पलक झपकते ही चेन पार कर देते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।