संगीता सिन्हा बनीं महिला कांग्रेस की प्रभारी अध्यक्ष, स्थायी नियुक्ति तक संभालेंगी जिम्मेदारी 

संगीता सिन्हा बनीं महिला कांग्रेस की प्रभारी अध्यक्ष, स्थायी नियुक्ति तक संभालेंगी जिम्मेदारी 

रायपुर। संजारी बालोद से विधायक संगीता सिन्हा को छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस का प्रभारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए पत्र जारी किया गया है। वे स्थायी प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति तक इस पद की जिम्मेदारी निभाएंगी।

दावेदारी को लेकर बना हुआ था सस्पेंस
महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर संगीता सिन्हा और छन्नी साहू के बीच मुकाबला माना जा रहा था। संगठन के भीतर दोनों नामों को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी, जिससे स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी।

दिल्ली में हुआ था इंटरव्यू
जनवरी में दिल्ली में अध्यक्ष पद के लिए इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी की गई थी। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की मौजूदगी में अनिला भेड़िया, संगीता सिन्हा, छन्नी साहू, ममता चंद्राकर और तुलिका कर्मा समेत पांच वरिष्ठ महिला नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश की थी।

दो नामों के बीच था सीधा मुकाबला 
सूत्रों के मुताबिक, स्थायी अध्यक्ष के लिए मुख्य रूप से दो नामों पर ही विचार किया जा रहा था। संगठन का एक वर्ग छन्नी साहू के समर्थन में था, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खेमे से संगीता सिन्हा की दावेदारी मजबूत मानी जा रही थी।

प्रभारी अध्यक्ष के तौर पर मिली जिम्मेदारी 
फिलहाल संगठन ने संगीता सिन्हा को प्रभारी अध्यक्ष बनाकर जिम्मेदारी सौंपी है। स्थायी अध्यक्ष की नियुक्ति तक वे संगठन का नेतृत्व करेंगी, जिससे प्रदेश महिला कांग्रेस में चल रहा नेतृत्व का इंतजार फिलहाल खत्म हो गया है।