21 को आएंगे राहुल गांधी, जिलाध्यक्षों को देंगे टारगेट शीट 

21 को आएंगे राहुल गांधी, जिलाध्यक्षों को देंगे टारगेट शीट 

रायपुर (चैनल इंडिया)। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 21 जून को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे, जहां वे हाल ही में नियुक्त 41 जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग प्रोग्राम में टारगेट शीट और टिप्स देंगे। अभनपुर में 20 से 29 जून तक चलने वाले इस कार्यक्रम में एक्टिव कार्यकर्ताओं को वे कई जिम्मेदारियां भी देंगे।

एआईसीसी से जारी शेड्यूल के अनुसार राहुल गांधी 21 जून को दोपहर दो बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। 2:45 बजे सडक़ मार्ग से सीधे अभनपुर स्थित प्रशिक्षण स्थल के लिए रवाना होंगे। शाम 5:30 बजे तक जिला अध्यक्षों को संगठन, फील्ड विजिट और सामाजिक-राजनैतिक एक्टिविटी पर ट्रेनिंग देंगे। वे 6:40 बजे दिल्ली रवाना हो जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस दीपक बैज ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में 20 से 29 जून के बीच एक बड़े प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है।

शिविर में छत्तीसगढ़ के 41 जिलाध्यक्षों साथ ओडिशा के जिलाध्यक्षों को भी शामिल किए जाने की प्लानिंग है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यक्रम का प्रस्ताव हाईकमान को भेजा गया है और अंतिम मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है। इस ट्रेनिंग कैंप में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, सुप्रिया श्रीनेत, पवन खेड़ा, शशिकांत सेंथिल सहित तमाम दिग्गज नेता और एक्सपर्ट भी शामिल हो सकते हैं।

जिलाध्यक्षों से लेंगे जिलों की रिपोर्ट
ट्रेनिंग के दौरान राहुल गांधी जिलाध्यक्षों से वन टू वन बातचीत करेंगे। उनके जिले की सामाजिक, राजनीतिक परिस्थितियों, चुनौतियों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही वे जिलों के प्रमुख बड़े मुद्दों की रिपोर्ट भी लेंगे। किस तरह काम किया जा सकता है, यह भी बताएंगे। ट्रेनिंग प्रोग्राम में जिलाध्यक्षों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों, मीडिया मैनेजमेंट, सोशल मीडिया कैंपेन और जनहित से जुड़े मुद्दों के साथ ही सरकार की कमियों को उजागर करने के निर्देश दिए जाएंगे। विरोध प्रदर्शन के तरीकों और जनता से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।