कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही: किरण देव
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर देश में अस्थिरता का माहौल बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने 23 जुलाई को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस सुनियोजित तरीके से देश में अराजक स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही है।
किरण देव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भारत में वैसा ही तनावपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश कर रही है, जैसा हाल के दिनों में नेपाल और बांग्लादेश में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि भारत लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समरसता वाला देश है, इसलिए जनता कांग्रेस की ऐसी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि NEET सहित अन्य मुद्दों को लेकर चल रहे प्रदर्शन में कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं को शामिल कर आंदोलन को भड़काने का प्रयास किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दों को राजनीतिक रंग देने का काम कर रही है।
किरण देव ने कहा कि भाजपा सरकार संसद और विधानसभा में छात्रों से जुड़े गंभीर विषयों पर चर्चा के लिए तैयार है। सरकार हर मुद्दे पर सकारात्मक संवाद चाहती है, लेकिन कांग्रेस नेता सदनों में चर्चा से बचकर सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता के मुद्दों पर चर्चा और समाधान जरूरी है, लेकिन कांग्रेस केवल विरोध और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता ऐसी राजनीति को नकार देगी।

admin 




