भाजपा नेत्री से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग कारोबारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

भाजपा नेत्री से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग कारोबारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बिलासपुर (चैनल इंडिया)। भाजपा की एक नेत्री के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। आरोपी ने माइनिंग में निवेश के बहाने नेत्री से नजदीकियां बनाई थी। मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत पर कारोबारी के खिलाफ  एफआईआर दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी कोराबारी को गिरफ्तार कर बिलासपुर ले आई है। आज रेप के आरोपी कारोबारी को कोर्ट में पेश करेगी।
बिलासपुर की रहने वाली भाजपा नेत्री ने रांची निवासी कारोबारी पर दुष्कर्म और करोड़ों की ठगी का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि माइनिंग में निवेश का झांसा देकर आरोपी ने दिल्ली में उनसे नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में दुष्कर्म कर करोड़ों रुपये हड़पे। शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला नेत्री का दिल्ली आना-जाना पहले से था। करीब दो साल पहले उनकी मुलाकात रांची के कारोबारी संजय सिंह से हुई। खुद को बड़ा निवेशक बताने वाले आरोपी ने माइनिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर महिला को अपने संपर्क में ले लिया।
भाजपा नेत्री के मुताबिक आरोपी ने साझेदारी और ऊंचे मुनाफे का भरोसा देते हुए उनसे पैसे इन्वेस्ट कराए। अलग-अलग माध्यम से करीब 2.50 करोड़ रुपए लिए गए। आरोपी हर बार नकद निवेश और जल्द रिटर्न का बहाना बनाता रहा। पैसे वापस मांगने पर उल्टा धमकाना और ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। नेत्री ने पुलिस को बताया कि भरोसे का फायदा उठाते हुए आरोपी ने दिल्ली में उनके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी लगातार उन्हें धमकी देकर पैसे मांगता रहा। मानसिक रूप से परेशान होकर महिला ने अंतत: पुलिस का रुख किया।