IGKV पेपर लीक: प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार, सीलबंद लिफाफे में एंडोस्कोपिक कैमरा डालकर किया गया पेपर कॉपी

IGKV पेपर लीक: प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार, सीलबंद लिफाफे में एंडोस्कोपिक कैमरा डालकर किया गया पेपर कॉपी

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के B.Sc. Agriculture परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्रोफेसर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने प्रश्नपत्र की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देने के लिए बेहद गोपनीय तरीके का इस्तेमाल किया। सीलबंद लिफाफे को खोले बिना उसमें छोटा छेद कर एंडोस्कोपिक कैमरा डालकर प्रश्नपत्र की तस्वीरें रिकॉर्ड की गईं। 

मामला B.Sc. Agriculture के दूसरे वर्ष की Entomology परीक्षा से जुड़ा है। यह परीक्षा 20 अगस्त को 28 कृषि महाविद्यालयों में आयोजित होनी थी। परीक्षा के दिन पेपर लीक होने की जानकारी सामने आने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी। 

36 घंटे के भीतर गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के करीब 36 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में दुर्ग जिले के एक निजी कृषि महाविद्यालय से जुड़ा प्रोफेसर और पांच छात्र शामिल हैं। मामले में दो अन्य संदिग्धों की तलाश जारी होने की जानकारी भी सामने आई है।

जांच में पुलिस को पता चला कि प्रश्नपत्र वाले सीलबंद लिफाफे को खोले बिना उसमें छोटा छेद किया गया और उसके भीतर एंडोस्कोपिक कैमरा डालकर प्रश्नपत्र की तस्वीरें ली गईं। इसके बाद प्रश्नपत्र की सामग्री छात्रों तक पहुंचाई गई।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरी प्रक्रिया में और कौन-कौन लोग शामिल थे और प्रश्नपत्र की तस्वीरें कितने लोगों तक पहुंची थीं।

परीक्षा की गोपनीयता पर सवाल

इस मामले ने विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। खास बात यह है कि आरोपियों ने कथित तौर पर सीलबंद लिफाफे को खोले बिना प्रश्नपत्र तक पहुंच बनाने की कोशिश की।