प्रदेश के 15 से ज्यादा सांसदों और विधायकों पर हैं आपराधिक केस
हाईकोर्ट ने जारी की स्टेटस रिपोर्ट
रायपुर/बिलासपुर (चैनल इंडिया)। प्रदेश के 15 से अधिक सांसद, विधायक समेत जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अदालतों में मामले लंबित हैं। हाई कोर्ट द्वारा जारी मई 2026 की स्टेटस रिपोर्ट के अनुसार 15 से ज्यादा नेताओं के खिलाफ 20 से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमों में सुनवाई चल रही है।
सूची के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वर्तमान विधायक कवासी लखमा, देवेंद्र यादव और पूर्व सांसद मधुसूदन यादव समेत कई पूर्व व वर्तमान विधायकों के मामलों की नियमित रूप से फास्ट-ट्रैक कोर्ट में मॉनिटरिंग और सुनवाई हो रही है। राजधानी रायपुर की विशेष अदालतों में इस वक्त सबसे हाई-प्रोफाइल मामलों की सुनवाई चल रही है।
रायपुर के विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीबीआई) की अदालत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कैलाश मुरारका और विजय भाटिया के खिलाफ आपराधिक मामला क्रमांक 5465/2018 दर्ज है। इसके अलावा रायपुर की ही प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायालय में वर्तमान विधायक कवासी लखमा के खिलाफ एसीबी के विशेष मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई चल रही है, जिसमें अगली सुनवाई 1 जुलाई 2026 को होनी है। साथ ही ईडी द्वारा विधायक कवासी लखमा और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के खिलाफ दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों की सुनवाई भी जून महीने में ही तय की गई थी।
बिलासपुर के सीजेएम कोर्ट में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव व अन्य के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत 1 जुलाई 2026 को आरोप तय होने हैं। वहीं, बलौदाबाजार की तीसरी एडीजे कोर्ट में विधायक देवेंद्र यादव और किशोर नवरंगे के खिलाफ बलवे और हत्या के प्रयास के तहत आईपीसी की धारा 307, 435, 436, 153ए के मामले में 23 जून 2026 को सुनवाई की तारीख तय थी।
बलौदाबाजार में ही पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा के खिलाफ दर्ज सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट के केस में 13 जुलाई 2026 को सुनवाई होनी है। इसके अलावा राजनांदगांव के विशेष न्यायालय में पूर्व सांसद मधुसूदन यादव और मोहम्मद खालिद के खिलाफ जमाकर्ताओं के हितों के संरक्षण अधिनियम के तहत छह अलग-अलग मामले चल रहे हैं। इनमें से तीन मामलों में आरोपी नेताओं को हाई कोर्ट से राहत मिली हुई है।

admin 




