रेलवे में खेल कोटे की भर्ती घोटाले पर CBI की बड़ी कार्रवाई, रायपुर-बिलासपुर में छापे; दो कर्मचारी गिरफ्तार

रेलवे में खेल कोटे की भर्ती घोटाले पर CBI की बड़ी कार्रवाई, रायपुर-बिलासपुर में छापे; दो कर्मचारी गिरफ्तार

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में खेल कोटे से हुई भर्ती में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई की टीम ने शनिवार को रायपुर और बिलासपुर रेल मंडल कार्यालयों में एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के बाद दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सीबीआई की टीम शनिवार सुबह रायपुर स्थित डीआरएम कार्यालय पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू की। खेल कोटे के तहत हुई नियुक्तियों में नियमों की अनदेखी, दस्तावेजों में हेराफेरी और अयोग्य अभ्यर्थियों को फायदा पहुंचाने की शिकायतें सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

सीबीआई सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज खंगाले गए हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

कार्रवाई के दौरान बी. राजशेखर राव को दुर्ग स्थित न्यू पुलिस लाइन इलाके में उनके निवास से हिरासत में लिया गया, जबकि रामा लक्ष्मी को रायपुर स्थित डीआरएम कार्यालय से पकड़ा गया।

सीबीआई टीम ने दोनों आरोपियों के ठिकानों पर कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया। सूत्रों के मुताबिक, तलाशी के दौरान लाखों रुपए नकद और कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं। हालांकि बरामद रकम और दस्तावेजों को लेकर सीबीआई की ओर से आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

फिलहाल सीबीआई पूरे भर्ती प्रक्रिया और उससे जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। माना जा रहा है कि जांच के दायरे में और भी कर्मचारी आ सकते हैं।