सहकर्मी के बैंक खाते से निकाले 2.30 लाख रुपये, आरोपी गिरफ्तार
भरोसे का फायदा उठाकर कई किस्तों में की रकम की निकासी, बैंक ट्रांजेक्शन की जांच में खुलासा
भिलाईनगर। बैंक से लेन-देन में मदद करने के बहाने एक युवक ने अपने सहकर्मी के खाते से 2.30 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर वैशाली नगर पुलिस ने जांच के बाद आरोपी होरी लाल यादव (30) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर बिना जानकारी और सहमति के अलग-अलग किस्तों में रकम निकालकर खुद खर्च करने का आरोप है।
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि राजीव नगर, सुपेला निवासी दिनेश यादव ने वैशाली नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी पढ़ा-लिखा नहीं है, इसलिए वह सुपेला स्थित केनरा बैंक में अपने खाते से रुपये जमा करने और निकालने के लिए सहकर्मी होरी लाल यादव की मदद लेता था। होरी लाल सांई इंद्रा नगर, ठेकरापारा का निवासी है। इसी दौरान उसे प्रार्थी के बैंक खाते की जानकारी हो गई।
कई किस्तों में निकाले रुपये
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने प्रार्थी के भरोसे और उसकी अशिक्षा का फायदा उठाया। उसने 24 अगस्त 2025 से 7 मार्च 2026 के बीच बिना जानकारी और सहमति के खाते से अलग-अलग किस्तों में करीब 2 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद रकम अपने उपयोग में खर्च कर दी।
पूछताछ में जुर्म स्वीकारने का दावा
शिकायत मिलने पर वैशाली नगर पुलिस ने बीएनएस की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा बैंक लेन-देन की बारीकी से जांच की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी होरी लाल यादव को पूछताछ के लिए बुलाया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने रकम निकालने की बात स्वीकार कर ली।
admin
















