कांग्रेस के तीर का मुस्कुराकर जवाब, विधायक पुरन्दर मिश्रा बोले – मैं स्वस्थ हूँ, ज़रूरत हो तो आप भी निःशुल्क जांच कराइए
"तंज पड़ा भारी! विधायक पुरन्दर मिश्रा ने हेल्थ चेकअप कराकर कांग्रेस को दिया करारा जवाब।"
कांग्रेस के तंज का विधायक पुरन्दर मिश्रा ने मुस्कुराकर दिया जवाब, जगन्नाथ मंदिर परिसर में कराया अपना स्वास्थ्य परीक्षण
रायपुर। रायपुर नगर उत्तर के विधायक पुरन्दर मिश्रा द्वारा प्रत्येक शनिवार सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक जगन्नाथ मंदिर परिसर में आम नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श शिविर का नियमित आयोजन कराया जाता है। इसी क्रम में आज विधायक पुरन्दर मिश्रा स्वयं भी शिविर में पहुंचे और चिकित्सकों से अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
चिकित्सकों द्वारा किए गए परीक्षण में उनका स्वास्थ्य पूरी तरह सामान्य एवं स्वस्थ पाया गया। इस दौरान विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना हर व्यक्ति के लिए आवश्यक है। इसी उद्देश्य से उन्होंने इस निःशुल्क हेल्थ चेकअप शिविर की शुरुआत की, ताकि आम नागरिकों को बिना किसी शुल्क के बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श मिल सके।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पूर्व कांग्रेस पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से विधायक पुरन्दर मिश्रा के स्वास्थ्य को लेकर टिप्पणी की गई थी। आज उसी का जवाब उन्होंने बिना किसी कटुता के, अपने कार्यों के माध्यम से दिया।
इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा, "मेरा स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक है। आज मैंने भी उसी निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में अपना चेकअप कराया, जो प्रत्येक शनिवार जनता की सेवा के लिए आयोजित कराया जाता है। यदि कांग्रेस पार्टी के किसी नेता का स्वास्थ्य ठीक नहीं है या उन्हें स्वास्थ्य संबंधी कोई परेशानी है, तो वे भी इस शिविर में आकर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ ले सकते हैं। यह सेवा किसी दल या विचारधारा के लिए नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति के लिए है।"
उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल बयानबाज़ी नहीं, बल्कि जनसेवा होना चाहिए। जनता के स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं के लिए कार्य करना ही जनप्रतिनिधि का वास्तविक दायित्व है।
विधायक पुरन्दर मिश्रा द्वारा संचालित इस निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का लाभ प्रत्येक सप्ताह बड़ी संख्या में नागरिक उठा रहे हैं। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक परामर्श एवं दवाइयों की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाती है। विधायक ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे प्रत्येक शनिवार आयोजित इस जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच अवश्य कराएं।

admin 




