रेलवे कैंटीन में नौकरी के नाम पर 1.5 लाख की ठगी का आरोप, युवक की आत्महत्या के मामले में मामा-मामी गिरफ्तार

रेलवे कैंटीन में नौकरी के नाम पर 1.5 लाख की ठगी का आरोप, युवक की आत्महत्या के मामले में मामा-मामी गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके मामा और मामी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने रेलवे कैंटीन में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 1.5 लाख रुपये लिए थे। नौकरी नहीं लगने पर रकम वापस मांगने के दौरान कथित रूप से उसे झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी दी गई। पुलिस जांच में प्रताड़ना के आरोप सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

मस्तूरी एसडीओपी डी.आर. धृतलहरे के अनुसार, मामला मस्तूरी थाने में दर्ज मर्ग क्रमांक 40/26 से संबंधित है। जांच में सामने आया कि हिर्री निवासी राहुल साहू (22) ने रेलवे कैंटीन में नौकरी लगवाने के लिए अपने मामा इंद्र कुमार उर्फ भवानी वैष्णव और मामी अंबिका वैष्णव को 1.5 लाख रुपये दिए थे।

आरोप है कि पैसे देने के बावजूद राहुल की नौकरी नहीं लगी। इसके बाद उसने अपनी रकम वापस मांगी तो मामा-मामी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और उसके साथ विवाद करने लगे। पुलिस के मुताबिक, राहुल को यह धमकी भी दी गई कि यदि वह बार-बार पैसे मांगेगा तो उसे रेप के मामले में फंसा दिया जाएगा।

पुलिस जांच के अनुसार, इस घटनाक्रम से राहुल मानसिक रूप से परेशान था। बाद में उसने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मर्ग जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामा-मामी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में बीएनएस की धारा 108 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।