जेल में महिला बंदी से यौन शोषण का आरोप, गंभीर सवाल से गरमा गई राजनीति 

जेल में महिला बंदी से यौन शोषण का आरोप, गंभीर सवाल से गरमा गई राजनीति 

रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा (होटवार जेल) को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दावा किया है कि जेल में बंद एक महिला कैदी के साथ जेल अधीक्षक द्वारा कथित तौर पर शारीरिक शोषण किया गया, जिससे वह गर्भवती हो गई। मामले को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है।

मरांडी ने आरोप लगाया कि महिला बंदी के गर्भवती होने के बाद मामले को दबाने और साक्ष्य मिटाने की कोशिश की जा रही है। उनका दावा है कि पीड़िता को बीमारी का बहाना बनाकर जेल से बाहर गुप्त स्थानों और अस्पतालों में ले जाया गया, ताकि अवैध चिकित्सकीय हस्तक्षेप के जरिए जैविक और फॉरेंसिक सबूत खत्म किए जा सकें।

नेता प्रतिपक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा करते हुए राज्य सरकार और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि न्यायिक अभिरक्षा में बंद महिला के साथ कथित शोषण की घटना मानवता को झकझोर देने वाली है और पूरे झारखंड को शर्मसार करती है।

मरांडी ने यह भी आरोप लगाया कि मामले को दबाने के लिए गवाहों पर दबाव बनाया जा रहा है। उनके मुताबिक कुछ अहम गवाहों का तबादला कर दिया गया है, जबकि कुछ लोगों को चुप रहने के लिए रिश्वत दी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले में कारा महानिरीक्षक (IG Prisons) की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

हालांकि अब तक पीड़ित महिला बंदी की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। मामले में जेल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मीडिया द्वारा जेल अधीक्षक और जेल आईजी सुदर्शन मंडल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन जवाब नहीं मिल सका।

हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए बाबूलाल मरांडी ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

गौरतलब है कि इससे पहले नवंबर 2025 में भी होटवार जेल का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कथित तौर पर जेल के भीतर हाई-प्रोफाइल आरोपी पार्टी और डांस करते नजर आए थे। उस घटना के बाद भी जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे।