जूट की बोरी में छिपाकर ले जा रहा था अंग्रेजी शराब, बाइक सवार गिरफ्तार

जूट की बोरी में छिपाकर ले जा रहा था अंग्रेजी शराब, बाइक सवार गिरफ्तार

98 पौवा शराब और बाइक समेत 51 हजार 760 रुपये का सामान जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

सुकमा। जिले में अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छिंदगढ़ पुलिस ने एक बाइक सवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी जूट की बोरी में अंग्रेजी शराब छिपाकर सुकमा से मुर्रेपाल रोड होते हुए पाकेला की ओर जा रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से 98 पौवा शराब बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाइक से अवैध शराब लेकर पाकेला की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने पाकेला माहरापारा से बिरसठपाल जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध हीरो एचएफ डीलक्स बाइक को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान जूट की बोरी से छत्तीसगढ़ राज्य के लेबल वाली जम्मू कंपनी की अंग्रेजी शराब के 98 पौवा मिले। प्रत्येक पौवा 180 एमएल का था। इस तरह कुल 17.640 लीटर शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिव कुमार बेसरा (35), निवासी ग्राम कुकानार के रूप में हुई है। पुलिस ने 11 हजार 760 रुपये की शराब और 40 हजार रुपये की बाइक समेत कुल 51 हजार 760 रुपये का सामान जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।