4 साल की मोहब्बत का खौफनाक अंत,इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती, पुलिस ने प्रेमी को किया गिरफ्तार

4 साल की मोहब्बत का खौफनाक अंत,इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती, पुलिस ने प्रेमी को किया गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के भीतर युवती के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने युवती के चरित्र पर संदेह के चलते पहले उसके मुंह में दुपट्टा ठूंसा, फिर उसी दुपट्टे से गला घोंट दिया और मौत सुनिश्चित करने के लिए पानी से भरे खेत में उसका सिर डुबो दिया।

पुलिस के मुताबिक, 4 अगस्त को डब्ल्यूआरएस स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में एक युवती का शव मिला था। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने शव का निरीक्षण किया तो गले पर चोट और दबाव के निशान मिले। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में मृतका की पहचान नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन (19) निवासी सिया रेसिडेंसी, एमएमआई अस्पताल के पीछे, रायपुर के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों से हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया।

*इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती, 4 साल तक चला प्रेम संबंध*

जांच के दौरान मृतका के परिजनों ने उसके प्रेमी करण तांडी (23) निवासी त्रिमूर्ति नगर, देवेंद्र नगर पर संदेह जताया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर हुई पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने बताया कि करीब चार साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए दोनों की पहचान हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों कुछ समय तक करीब छह महीने साथ भी रहे थे। बाद में युवती अलग रहने लगी, जिससे वह उसके चरित्र पर शक करने लगा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

*मुलाकात के बहाने बुलाया, फिर कर दी हत्या*

पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की शाम युवती डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर क्षेत्र में आरोपी से मिलने पहुंची थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने उससे दूसरे युवकों से संबंध होने की बात पूछी। युवती के इनकार करने पर आरोपी ने गुस्से में आकर पहले उसके मुंह में दुपट्टा ठूंस दिया, फिर उसी दुपट्टे से गला घोंट दिया। इसके बाद हत्या सुनिश्चित करने के लिए पानी से भरे खेत में उसका सिर डुबो दिया और मौके से फरार हो गया।

*24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार*

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी करण तांडी को गिरफ्तार कर लिया। उससे आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई जारी है।