अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आएंगे नितिन नबीन

अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आएंगे नितिन नबीन
15 को धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस में शामिल होंगे
रायपुर (चैनल इंडिया)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ आएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
नितिन नवीन के दौरे से पहले भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 11 नवंबर को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी। वे सीधे धरमजयगढ़ जाकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेंगी। 15 नवंबर को वे भी नितिन नवीन के साथ मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगी। भाजपा इस बार जनजातीय गौरव दिवस को केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं रखेगी। पार्टी इसे जनजातीय समाज के बीच संवाद और संगठन की पहुंच बढ़ाने के अभियान के रूप में मनाएगी। गांवों से लेकर बूथ स्तर तक कार्यक्रम होंगे। इनमें बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह सहित जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान की जानकारी देने के साथ केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार किया जाएगा।