पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन: BSUP कॉलोनी के 200 से अधिक मकानों की जांच, किरायेदारों और संदिग्धों का किया सत्यापन 

पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन: BSUP कॉलोनी के 200 से अधिक मकानों की जांच, किरायेदारों और संदिग्धों का किया सत्यापन 

रायपुर। राजधानी रायपुर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने रविवार को व्यापक सर्च और सत्यापन अभियान चलाया। तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित लाभांडी की बीएसयूपी कॉलोनी में चलाए गए इस विशेष अभियान में 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए। कार्रवाई के दौरान 200 से ज्यादा मकानों की जांच की गई तथा किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों का सत्यापन किया गया।

यह अभियान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) रमाकांत साहू के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में तेलीबांधा थाना और पुलिस लाइन के जवानों को अलग-अलग टीमों में तैनात कर क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में घर-घर जाकर जांच की गई।

पुलिस टीमों ने किरायेदारों, घरेलू सहायकों और अन्य बाहरी व्यक्तियों से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। साथ ही मकान मालिकों से जानकारी लेकर रिकॉर्ड का मिलान किया गया। जिन स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली, वहां संबंधित लोगों से पूछताछ भी की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करना और अपराध की संभावनाओं को समय रहते रोकना है। उनका कहना है कि नियमित सत्यापन और सर्च अभियान से चोरी, लूट, नशे के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने में मदद मिलती है।

हाल के दिनों में शहर में बढ़ी आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस ऐसे अभियानों को लगातार तेज कर रही है। इसी क्रम में शहर के उत्तर जोन में भी अधिकारियों ने गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों, घरेलू सहायकों और अन्य बाहरी व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या निकटतम थाने को सूचित करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए इस तरह के सरप्राइज चेकिंग और सत्यापन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।