खाने का बिल मांगने पर ढाबा संचालक पिता-पुत्र से मारपीट, तीन युवकों पर केस

खाने का बिल मांगने पर ढाबा संचालक पिता-पुत्र से मारपीट, तीन युवकों पर केस

पहले भोजन कर बिना भुगतान लौटे, रात में दोबारा पहुंचे और बिल को लेकर किया विवाद; पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

बिलासपुर। हिर्री थाना क्षेत्र में खाने का बिल मांगने पर तीन युवकों ने ढाबा संचालक और उनके पिता के साथ मारपीट कर दी। घटना में दोनों को चोटें आई हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

बिल को लेकर हुआ विवाद

हिर्री पुलिस के अनुसार, हिर्री निवासी रोहित साहू ढाबा संचालित करते हैं। 30 अक्टूबर की रात ग्राम झलका निवासी महेश डहरिया, नवीन डहरिया और सुनील डहरिया कार क्रमांक CG 10 CE 5103 से उनके ढाबे पहुंचे थे। तीनों ने वहां भोजन किया, लेकिन बिल चुकाने की बात पर विवाद करने लगे और बिना भुगतान किए चले गए।

रात 11 बजे दोबारा पहुंचे आरोपी

आरोप है कि रात करीब 11 बजे तीनों युवक दोबारा ढाबे पहुंचे और बिल को लेकर रोहित साहू से विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान रोहित के पिता घनश्याम साहू बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

रोहित साहू की शिकायत पर हिर्री पुलिस ने महेश डहरिया, नवीन डहरिया और सुनील डहरिया के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।