500 फीट गहरी खाई में गिरी कार: भिलाई के दंपति और दो बच्चों समेत 8 की मौत, हिमाचल घूमने गए थे सभी 

500 फीट गहरी खाई में गिरी कार: भिलाई के दंपति और दो बच्चों समेत 8 की मौत, हिमाचल घूमने गए थे सभी 

चंबा/भिलाई। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में भिलाई के एक परिवार समेत कुल 8 लोगों की मौत हो गई। साच पास क्षेत्र में बर्फबारी का नजारा देखने जा रहे पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर करीब 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सभी यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में भिलाई के अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी प्राची चंद्राकर और उनके दो बच्चे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि परिवार पिछले कुछ वर्षों से बेंगलुरु में रह रहा था और वहीं से हिमाचल प्रदेश घूमने पहुंचा था।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सभी पर्यटक डलहौजी से एक टैक्सी बुक कर साच पास की ओर रवाना हुए थे। वाहन में कुल 8 लोग सवार थे। देर रात तक टैक्सी के वापस नहीं लौटने पर वाहन मालिक को संदेह हुआ। उसने जीपीएस लोकेशन ट्रैक की, जो कालावन क्षेत्र के पास लंबे समय तक एक ही स्थान पर दिखाई दे रही थी।

स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू की गई, जिसके बाद शनिवार दोपहर वाहन के गहरी खाई में गिरने की जानकारी मिली। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और मोबाइल नेटवर्क की कमी के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

रविवार सुबह पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। खाई की गहराई और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए बचाव दल ने रस्सियों और ह्यूमन चेन की सहायता से शवों को बाहर निकाला। कई घंटे तक चले अभियान के बाद सभी 8 शवों को खाई से निकाल लिया गया।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि पहाड़ी मार्ग पर वाहन अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है।