छत्तीसगढ़: भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की बड़ी कार्रवाई, तीन सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

छत्तीसगढ़: भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की बड़ी कार्रवाई, तीन सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की बिलासपुर इकाई ने रिश्वतखोरी के तीन अलग-अलग ट्रैप मामलों में तेजी दिखाते हुए सोमवार को संबंधित विशेष न्यायालयों में अभियोग पत्र (चार्जशीट) दाखिल कर दिए। तीनों मामलों में आरोपी रंगे हाथ पकड़े गए थे।

पहला मामला कोरबा जिले का है। 29 मई 2026 को विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय, पोड़ी-उपरोड़ा के बाबू प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। शिकायतकर्ता अमृतलाल बघेल की शिकायत पर ACB ने कार्रवाई की। जांच पूरी होने के बाद 7 जुलाई को कोरबा के विशेष न्यायालय में चार्जशीट पेश की गई।

दूसरा मामला बिलासपुर का है। 10 मई 2026 को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADM) कार्यालय के बाबू विजय पांडेय को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया। शिकायतकर्ता देवेंद्र कश्यप थे। इस मामले की चार्जशीट भी बिलासपुर के विशेष न्यायालय में दाखिल कर दी गई है।

तीसरा मामला सक्ती जिले का है। 10 मई 2026 को थाना चंद्रपुर, जिला सक्ती के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। शिकायतकर्ता शिव बरेठ थे। इस मामले की चार्जशीट जांजगीर-चांपा के विशेष न्यायालय में पेश की गई।

ACB ने बताया कि तीनों मामलों की जांच पूरी कर ली गई है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई है। अब इन मामलों में अदालती सुनवाई आगे बढ़ेगी।

यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के प्रयासों को मजबूती देती है।