स्कूल में हेडमास्टर का शर्मानक कृत्य : बच्चों के सामने उतारी पैंट, कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश

स्कूल में हेडमास्टर का शर्मानक कृत्य : बच्चों के सामने उतारी पैंट, कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश

बच्चों की शिकायत पर स्कूल पहुंचे परिजन, पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया

जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित डोंगाकोहरौद शासकीय प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ एक हेडमास्टर पर कक्षा के भीतर छात्रों के सामने अनुचित हरकत करने का आरोप लगा है। घटना की जानकारी बच्चों ने अपने परिजनों को दी, जिसके बाद स्कूल पहुंचकर परिजनों ने विरोध जताया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय में पदस्थ हेडमास्टर भुवनेश्वर कौशिक पर आरोप है कि वे कक्षा में बच्चों को पढ़ाने के दौरान अनुचित स्थिति में थे और चौथी-पांचवीं कक्षा की छात्राओं को अपने पास बुला रहे थे। आरोप है कि इस व्यवहार से छात्र-छात्राएं घबरा गए और उन्होंने घर पहुंचकर पूरी घटना अपने परिजनों को बताई।

परिजनों की शिकायत के बाद पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में परिजन विद्यालय पहुंचे। इसके बाद डायल-112 और पामगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आरोपी हेडमास्टर को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।

बाद में छात्राओं और उनके परिजनों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

घटना के बाद बच्चों और उनके परिजनों में आक्रोश का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग दोनों स्तर पर मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।