पुरानी रंजिश में हत्या के मामले में 4 आरोपियों को आजीवन कारावास, एक आरोपी साक्ष्य के अभाव में बरी

पुरानी रंजिश में हत्या के मामले में 4 आरोपियों को आजीवन कारावास, एक आरोपी साक्ष्य के अभाव में बरी
दुर्ग/रायपुर: पुरानी रंजिश को लेकर रास्ता रोककर एक व्यक्ति की हत्या करने के मामले में दुर्ग की अदालत ने चार आरोपियों को आजीवन कारावास और एक-एक हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है, जबकि एक आरोपी को पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया गया है। अभियोजन पक्ष के अपर लोक अभियोजक पंकज बेलचंदन के अनुसार, प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश दुर्ग शेख अशरफ की कोर्ट ने कादंबरी नगर निवासी अक्षत दुबे उर्फ मान्या (23 वर्ष), आदित्य नगर निवासी शुभम शर्मा (25 वर्ष), मां चंडिका अस्पताल के पास निवासी वंश राजपूत (19 वर्ष) और हरि नगर निवासी अमिताभ उर्फ चंदू को आजीवन कारावास की सजा सुनाई, जबकि आरोपी अजय दुबे को बरी किया गया। घटना 21 मई 2024 की रात करीब 7:30 बजे पचरी पारा कुआं चौक निवासी राम यादव उर्फ मंत्री यादव के साथी के साथ नयापारा देसी शराब दुकान जाने के बाद रात लगभग 8:05 बजे गंजपारा नाका चौक के पास लौटते समय हुई, जहाँ दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर रास्ता रोककर एकराय होकर मारपीट की और धारदार चाकू व कड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। अत्यधिक खून बहने के बाद शासकीय अस्पताल दुर्ग ले जाए जाने पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी, जिसके बाद तत्कालीन कोतवाली थाना प्रभारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया था और अब न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने पर कोर्ट ने यह सजा सुनाई है।