छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन सक्रिय रहेगा मानसून, कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है। लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से रुक-रुककर हल्की बारिश जारी है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस से राहत मिली है, लेकिन कई क्षेत्रों में जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।
पिछले 24 घंटे में कई स्थानों पर हुई अच्छी बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई। इस अवधि में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान अंबिकापुर में 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर शहर में बुधवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने तथा बीच-बीच में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
सक्रिय मौसम प्रणालियों का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में बारिश की गतिविधियों के पीछे कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर, रोहतक, हमीरपुर, सीधी, रांची और दीघा होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है।
इसके अलावा, उत्तर-पूर्व मध्यप्रदेश के आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है। वहीं पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तर तटीय आंध्रप्रदेश के ऊपर भी एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से उत्तर-पूर्व अरब सागर तक छत्तीसगढ़ होते हुए एक द्रोणिका भी सक्रिय है। इन सभी मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के पास सावधानी बरतने तथा बिजली गिरने की आशंका के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

admin 




