शराब दुकान के बाहर फायरिंग, सुरक्षा गार्ड के पेट में लगी गोली; आरोपी फरार
रायगढ़। जिले के गेरवानी क्षेत्र में शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान के बाहर देर रात फायरिंग का मामला सामने आया है। एक युवक ने कथित तौर पर पिस्टल से गोली चला दी, जो वहां तैनात निजी सुरक्षा गार्ड के पेट में जा लगी। घायल गार्ड को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
गार्ड के परिचित से विवाद के बाद चली गोली
घटना 17 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। घायल सुरक्षा गार्ड चंद्रशेखर पटेल (43) ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के तहत गेरवानी स्थित शराब दुकान में ड्यूटी पर तैनात था।
बताया जा रहा है कि दुकान बंद होने के बाद कुछ असामाजिक तत्व अक्सर परिसर के आसपास पहुंचकर विवाद और गाली-गलौज करते थे। घटना की रात भी एक युवक शराब दुकान के सामने पहुंचा और गार्ड के परिचित से कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट को लेकर विवाद करने लगा।
विवाद के दौरान आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और अचानक पिस्टल निकालकर फायर कर दिया। गोली गार्ड चंद्रशेखर पटेल के पेट में लगी। घायल अवस्था में गार्ड किसी तरह आहाते के पीछे पहुंचा और अपने साथियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई।
पुलिस और साइबर टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य
फायरिंग की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस, साइबर टीम, आबकारी विभाग और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक साक्ष्य जुटाए।
पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव और साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक की टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज
घायल सुरक्षा गार्ड की शिकायत के आधार पर पूंजीपथरा पुलिस ने BNS की धारा 296, 351(3) और 109(1) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर चुकी है।
फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पुलिस फायरिंग में इस्तेमाल हथियार, आरोपी की पहचान और वारदात के पीछे की वजह समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
admin




