गांजा तस्करी की महिला सरगना गिरफ्तार, युवाओं को कमीशन देकर भेजती थी खेप

गांजा तस्करी की महिला सरगना गिरफ्तार, युवाओं को कमीशन देकर भेजती थी खेप

बिलासपुर। ट्रेन के जरिए गांजा तस्करी के नेटवर्क को संचालित करने वाली एक महिला आरोपी को बिलासपुर जीआरपी ने ओडिशा के संबलपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान अनुपमा मोहंती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला युवाओं को कमीशन देकर अलग अलग शहरों में गांजे की खेप पहुंचवाती थी।

55 किलो से ज्यादा गांजा हुआ था बरामद

करीब तीन महीने पहले जीआरपी ने गांजा तस्करी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 55 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद किया गया था। बरामद गांजे की कीमत करीब 27 लाख 57 हजार रुपये बताई गई थी।

मामले की जांच के दौरान जीआरपी ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में पुलिस को गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़ी अनुपमा मोहंती के बारे में जानकारी मिली।

संबलपुर से पकड़ी गई आरोपी

जांच के आधार पर जीआरपी टीम ने महिला आरोपी की तलाश शुरू की। सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम संबलपुर पहुंची और अनुपमा मोहंती को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला तस्करी के नेटवर्क में युवाओं को कमीशन का लालच देकर उनके जरिए अलग अलग शहरों तक गांजे की खेप पहुंचवाती थी। मामले में पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।