फर्जी चयन सूची बनाकर करता था लाखों की ठगी, पुलिस की गिरफ्त में शातिर ठग

फर्जी चयन सूची बनाकर करता था लाखों की ठगी, पुलिस की गिरफ्त में शातिर ठग

रायपुर। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र और चयन सूची तैयार कर लाखों रुपए की ठगी करने वाले एक आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में नौकरी लगाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से रकम वसूली थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, थाना सिटी कोतवाली में शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई। विवेचना में शिकायत सही पाए जाने पर आरोपी मोहम्मद इमरान कादरी (37) निवासी पेंशनबाड़ा, रायपुर (वर्तमान पता- परसतराई रोड, धरसींवा) को गिरफ्तार किया गया।

फर्जी चयन सूची और नियुक्ति पत्र बनाकर करता था ठगी

जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को प्रभावशाली बताकर शासकीय विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा देता था। उसने महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में नियुक्ति कराने के नाम पर फर्जी चयन सूची और फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर अभ्यर्थियों को सौंपे और उनसे लाखों रुपये ऐंठ लिए।

पहले से दर्ज हैं 8 आपराधिक मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से जुआ और विभिन्न प्रकार की ठगी से जुड़े 8 आपराधिक मामले थाना सिविल लाइन, तेलीबांधा, सिमगा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पूर्व में भी वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस की अपील

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सरकारी नौकरी या भर्ती में चयन कराने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसे न दें। यदि कोई इस तरह का झांसा देता है या संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस हेल्पलाइन पर दें। पुलिस ने कहा कि आर्थिक अपराध और ठगी के मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।