Raipur Crime : दूसरे से अफेयर के शक में प्रेमी किया था हत्या, महानदी किनारे मिला था युवती का शव
रायपुर। आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम पारागांव स्थित महानदी तट पर मिले युवती के शव की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा ली। पुलिस ने हत्या के आरोप में युवती के प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने चरित्र पर शक के चलते वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक 13 जुलाई को पारागांव श्मशान घाट के पास महानदी किनारे रूकमणी सोनवानी का लहूलुहान शव मिला था। शव पर जांघ,हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटों के निशान थे। घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि मृतका का पिछले छह-सात वर्षों से सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह (37) निवासी पंजाब, हाल निवासी ग्राम मुढ़ीपार (जिला महासमुंद) के साथ प्रेम संबंध था। 12 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे आरोपी ने रूकमणी को किसी अन्य व्यक्ति के साथ देखकर उसके चरित्र पर संदेह किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले गाली-गलौज की, फिर धारदार कड़े और हाथ-मुक्कों से बेरहमी से हमला कर रूकमणी की हत्या कर दी। वारदात के बाद वह शव को महानदी तट पर फेंककर फरार हो गया था।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को रायपुर से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर 15 जुलाई को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।

admin 




