IGKV में पेपर लीक के बाद रद्द परीक्षाएं कल से, ई-मेल से भेजे जाएंगे प्रश्नपत्र
रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक होने के बाद स्थगित की गई तीन परीक्षाएं अब 7, 8 और 9 सितंबर को आयोजित की जाएंगी। लगातार तीन प्रश्नपत्र लीक होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा व्यवस्था में बदलाव किया है।
नई व्यवस्था के तहत अब कॉलेजों को प्रश्नपत्र सीलबंद पैकेट के बजाय पासवर्ड प्रोटेक्टेड ई-मेल के जरिए भेजे जाएंगे। परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले कॉलेज प्रबंधन को पासवर्ड दिया जाएगा। प्रश्नपत्र खोलने की प्रक्रिया कमेटी की मौजूदगी में होगी और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
तीन विषयों के पेपर हुए थे लीक
पिछले महीने दुर्ग के एक निजी कॉलेज से तीन विषयों के प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया था। इनमें बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष का एंटोमोलॉजी, बीएससी प्रथम वर्ष का प्लांट पैथोलॉजी और प्रथम वर्ष द्वितीय सेमेस्टर का फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स का पेपर शामिल था।
जांच के दौरान निजी कॉलेज के एक प्रोफेसर और कुछ विद्यार्थियों की गिरफ्तारी भी हुई थी। तीनों प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही वाट्सऐप पर वायरल हो गए थे। इसके बाद विश्वविद्यालय ने संबंधित परीक्षाएं स्थगित कर दी थीं।
परीक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार पेपर लीक की घटनाओं के बाद विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए। प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और निजी कॉलेजों तक उनके पहुंचने की प्रक्रिया को लेकर भी लापरवाही के आरोप लगे।
विश्वविद्यालय ने अब प्रश्नपत्र वितरण की व्यवस्था बदलते हुए डिजिटल प्रणाली अपनाई है। प्रशासन का दावा है कि पासवर्ड के बिना ई-मेल में भेजे गए प्रश्नपत्र को खोला नहीं जा सकेगा, जिससे पेपर लीक की संभावना को कम किया जा सकेगा।
दो ऑब्जर्वर निलंबित, परीक्षा प्रभारी हटाए गए
पेपर लीक मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने दो महिला ऑब्जर्वर को निलंबित किया था। इसके अलावा स्नातक स्तर के परीक्षा प्रभारी को भी पद से हटा दिया गया। हालांकि, परीक्षा विभाग में प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और वितरण से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
admin



